रांची : झारखंड के लातेहार जिले में मवेशियों के दो कारोबारियों का शव पेड़ पर लटका मिलने के बाद पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है़. गिरफ्तार किए गए लोगों के नाम मिथिलेश प्रसाद, प्रमोद साहू, मनोज साहू, अवधेश साव व मनोज साहू है. घटना में कुल आठ लोग शामिल थे़ पुलिस तीन अन्य आराेपियों की तलाश में है़.
पुलिस के अनुसार मिथिलेश प्रसाद गो रक्षा मंच से जुड़ा हुआ है. पकडे गए आरोपियों ने बताया कि उन्होंने पहले मवेशियों को लूटने की कोशिश, लेकिन जब सफल नहीं हुए तो दोनों की गला दबा कर हत्या कर दी़. दोनों को मारने के बाद शवों को पेड़ से टांग दिया़. गौरतलब है कि झारखंड राज्य की राजधानी रांची के लगभग 100 किलोमीटर दूर लातेहार जिले में मवेशियों के दो कारोबारियों का शव पेड़ पर लटका मिला, जिसके बाद क्षेत्र में काफी तनाव फ़ैल गया था.
हेरहंज थाना के नवादा गांव निवासी मजलूम अंसारी और आराहरा गांव के आजाद खां के बेटे इम्तियाज खां की हत्या के आरोप में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए लोगों में मिथिलेश प्रसाद साहू, प्रमोद साहू, मनोज कुमार साहू, अवधेश साव और मनोज साहू शामिल है।
उधर, पुलिस ने बालूमाथ में एहतियातन धारा 144 लागू कर दिया है। शुक्रवार को पेड़ से दो पशु व्यापारियों के शव पेड़ से लटके मिले थे। इसके बाद गुस्साई भीड़ ने पुलिस पर हमला कर दिया था। इस घटना में पुलिस के अफसर भी घायल हो गए थे।
एसपी अनूप बिरथरे ने शनिवार को बताया कि हत्याकांड में आठ लोग शामिल थे। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इनकी गिरफ्तारी के लिए एसडीपीओ पुरुषोत्तम कुमार के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई थी। इसमें बालूमाथ थाना प्रभारी अजय तिवारी, विनय कुमार सहित अन्य जवानों को रखा गया था।
एसपी ने बताया, सभी आरोपियों का काम पशु व्यवसायियों को धमका कर पैसा वसूलना और पशुओं को छीनना था। इस घटना में प्रयुक्त पांच मोबाइल जब्त किया गया है।
शुक्रवार को बालूमाथ में हत्या के विरोध में हंगामा हुआ था। इसमें अधिकारी सहित कई जवान घायल हुए थे। बाद में मामला को शांत कराने के लिए डीसी रविशंकर शुक्ल और एसपी अनूप बिरथरे की अध्यक्षता में बालूमाथ थाना परिसर में शांति समिति की बैठक शुक्रवार को की गयी थी। इसमें दोनों समुदाय ने आपसी सौहार्द्र बनाए रखने का भरोसा दिलाया। मौके पर मुख्यालय डीएसपी एम रहमान सहित कई पुलिस कर्मी मौजूद थे।