AMN/ WEB DESK
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज गोआ के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 37वें राष्ट्रीय खेलों का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारत आज विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है और अभूतपूर्व मानक स्थापित कर रहा है। श्री मोदी ने कहा कि खेलो इंडिया से लेकर टारगेट ओलंपिक पोडियम योजना-टॉप्स तक, सरकार ने खिलाड़ियों को समर्थन देने के लिए एक नया पारिस्थितिकी-तंत्र बनाया है।
उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया सफल रहा है, क्योंकि 125 से अधिक खिलाड़ियों ने एशियाई खेलों में अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि किसी भी देश में खेल-क्षेत्र के विकास का सीधा संबंध उस देश की अर्थव्यवस्था की प्रगति से होता है।प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्तमान में एशियाई पैरा खेल हो रहे हैं और भारतीय एथलीटों ने रिकॉर्ड संख्या में पदक हासिल करके उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है और यह देश की असाधारण खेल क्षमता को दर्शाता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत प्रतिभाओं से भरा है और इसमें विपरीत परिस्थितियों में भी बेहतर करने की क्षमता है।
उन्होंने कहा कि सरकार, खेल के बुनियादी ढांचे, चयन प्रक्रिया, प्रशिक्षण और खेल के प्रति लोगों की मानसिकता में बदलाव लाई है, जिसके परिणामस्वरूप खेल प्रदर्शन में सुधार हुआ है। प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्तमान में खेल-बजट 9 साल पहले की सरकार से तीन गुना अधिक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भारत साल 2036 के ओलंपिक खेल अपने यहां आयोजित करने के लिए तैयार है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय खेल एक भारत-श्रेष्ठ भारत का प्रतिबिंब हैं। प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय खेलों की तैयारी के लिए गोआ सरकार की सराहना भी की। मालूम हो कि गोआ में 26 अक्टूबर से 9 नवंबर तक चलने वाले महाकुंभ में देश भर से विभिन्न खेलों के लगभग दस हजार एथलीट भाग लेंगे।गोआ के राज्यपाल श्री श्रीधरन पिल्लई, केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री श्री अनुराग सिंह ठाकुर, गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत, भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पी. टी. उषा तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति इस कार्यक्रम में उपस्थित थे। कार्यक्रम में सुखविंदर सिंह सहित अनेक प्रसिद्ध कलाकारों ने प्रस्तुतियां दी।