असम में बाढ़ की स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है। लखीमपुर, दक्षिण सलमारा और माजूली जिलों के नए इलाके पानी में डूब गए हैं। बीस जिलों के 12 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि माजूली जिले में तीस हजार से अधिक लोग प्रभावित हैं और कई स्थानों पर राहत कार्य जारी हैं।
असम में बाढ़ की स्थिति और बिगड गई है। एनडीआरएफ, एसडीआरएस, पुलिस और स्थानिय लोगों को लखीमपुर, माजूली, वर्कटा, विभिन्न जिलों में बचाव व राहत कार्यो में तैनात किया गया है। धेमाजी, लखीमपुर, दक्षिण सालमारा सबसे प्रभावित जिलों में से है। बाढ के कारण यातायात पर भी असर पडा है। दस जिलों में 18 हजार लोग राहत शिविरों में रह रहे हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने आज बाढ प्रभावित मोरीगांव जिले का दौरा कर के स्थिति का जायजा लिया।
मेघालय की गारो पर्वतीय क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह से हो रही भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। लगातार वर्षा से विभिन्न इलाकों में कई जगह भूस्खलन और दक्षिण गारो पहाडि़यों की ओर जाने वाली कई सड़कों का सम्पर्क कट गया है। जिला प्रशासन ने आपूर्ति विभाग को प्रभावित गांवों में सभी जरूरी मदद पहुंचाने को कहा है।
अरूणाचल प्रदेश में पिछले तीन दिनों से लगातार जारी वर्षा से राज्य के विभिन्न भागों में अचानक बाढ़ और भूस्खलन की घटनाएं हुई हैं। प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। जबकि राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या – 415 पर कई जगह सड़क संपर्क बाधित है।
इस बीच, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने आज नई दिल्ली में कहा कि केंद्र सरकार बाढ़ और भूस्खलन का सामना कर रहे पूर्वोतर राज्यों की हरसंभव मदद कर रही है।