By प्रदीप शर्मा / AMN
आरएसएस के पूर्व प्रचारक त्रिवेंद्र सिंह रावत भाजपा विधायक दल के नेता चुने गए हैं। भाजपा ने विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के 6 दिन बाद यह चुनाव किया है। त्रिवेंद्र सिंह रावत मुख्यमंत्री पद की शपथ 18 मार्च को लेंगे। यह फैसला देहरादून में हुई बैठक में लिया गया। 56 साल के रावत धोईवाला विधानसभा सीट से विधायक हैं। रावत को भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का करीबी माना जाता है और उत्तर प्रदेश में 2014 के लोकसभा चुनाव में उनके साथ काम भी कर चुके हैं। रावत झारखंड भाजपा के इंचार्ज हैं। ये साल 1983 से लेकर 2002 तक संघ से जुड़े रहे हैं, इस दौरान रावत के पास पहले सचिव की जिम्मेदारी थी, उसके बाद पूरे राज्य की जिम्मेदारी इन्हें सौंप दी गई थी।
2002 में वह सबसे पहले धोईवाला सीट से जीते। इसके बाद वह लगातार तीन बार से यहां से विधायक हैं। 2007-2012 के बीच वह कृषि मंत्री भी रहे। रिपोर्ट्स के मुताबिक पूर्व कृषि मंत्री रावत का नाम ‘बीज घोटाले’ में भी आया था। हालांकि, रावत ने दावा किया था कि कांग्रेस सरकार द्वारा कराई गई जांच में उन्हें दोषी नहीं पाया गया।
रावत के हलफनामा के मुताबिक उन्होंने इतिहास में मास्टर डिग्री हासिल की है। इसके अलावा उन्होंने हेमवती नंदन बहुगुणा गड़वाल यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में डिप्लोमा भी किया है। साथ ही हलफनामा में कहा गया है कि उनके खिलाफ कोई भी आपराधिक मामला दर्ज नहीं है और उनके पास एक करोड़ से ज्यादा रुपए की संपत्ति है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री की रेस में सतपाल महाराज और प्रकाश पंत का नाम भी शामिल था।