AMN/ WEB DESK
मध्यप्रदेश विधानसभा की सभी दो सौ 30 विधानसभा सीटों पर 17 नवंबर को होने वाले मतदान के लिए चुनाव प्रचार जोर-शोर से चल रहा है। प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेन्द्र मोदी ने आज सिवनी और खण्डवा में चुनावी सभाएं की। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिकता गरीब और मध्यम वर्ग का जीवन सुगम बनाना है इसलिए इसकी कल्याणकारी योजनाओं में सभी वर्गों के हितों का ध्यान रखा गया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि सदियों तक आदिवासी समुदाय की उपेक्षा की गई लेकिन पहली बार श्री अटल बिहारी वाजपेयी ने केंद्र में आदिवासी मंत्रालय का गठन किया।
श्री मोदी ने कहा कि उनके लिए जाति केवल गरीबी है और गरीबों का कल्याण उनकी सबसे बडी प्राथमिकता है। उन्होंन कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार में कोई घोटाला नहीं है। उन्होंने कहा कि यह घोटाले वाली कांग्रेस और गरीबों की मित्र भाजपा की सरकार के बीच बडा अंतर है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार माताओं, बहनों और बेटियों के लिए समर्पित है। श्री मोदी ने कहा कि बहनों की सशक्तीकरण के लिए मध्यप्रदेश सरकार ने लाडली बहना योजना शुरू की है।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कुक्षी और इंदौर में जनसभाएं की। समाजवादी पार्टी, बहुजनसमाज पार्टी और आम आदमी पार्टी समेत अन्य राजनीतिक दलों ने राज्य के अन्य हिस्से में चुनाव प्रचार किया। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने टीकमगढ में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बहुत चालाक पार्टी है। कांग्रेस वोटों के लिए जातीय जनगणना कराने की मांग कर रही है।
मध्यप्रदेश में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने दतिया में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि तीन दिसंबर को राज्य में पुलिस, धन और प्रशासन की सत्ता का अंत हो जायेगा। उन्होंने कहा कि यदि राज्य में कांग्रेस की सरकार गठित होती है तो प्रत्येक लडकी की शादी में एक लाख एक हजार रूपए दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने दतिया में 71 हजार किसानों का कर्जा माफ किया है और आगे भी किसानों का ऋण माफ किया जाएगा।